अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की पांच दिन बाद मौत
निसं
जयपुर (नवयत्न) । जवाहर सर्किल थाना इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 16 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे एनडब्ल्यूआर कार्यालय के सामने हुआ था। घायल ने एसएमएस अस्पताल में पांच दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 21 नवंबर को दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजकुमार (38) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झुंझुनूं जिले के गुढ़ा गोडजी क्षेत्र स्थित दरबासा की ढाणी का रहने वाला था और वर्तमान में जयपुर के सरस्वती नगर में रह रहा था।
परिवादी इंद्रजीत सिंह (58) ने जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 16 नवंबर की रात एनडब्ल्यूआर कार्यालय के सामने किसी अज्ञात वाहन ने राजकुमार को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर जवाहर सर्किल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। राजकुमार की मौत के बाद परिजनों ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।