नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : डॉ प्रेम

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। राज्य सरकार एवं आयुक्तालय, कॉलेज शिक्षा, राजस्थान, जयपुर के दिशा निर्देशों की अनुपालना में बजट घोषणा 2026-27 के तहत राजकीय कन्या महाविद्यालय श्रीमाधोपुर में स्थापित नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र के अंतर्गत छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ प्रेम बाज्या प्रसूति रोग विशेषज्ञ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीमाधोपुर ने वर्तमान में प्रचलित नशों, जैसे तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, खैनी, शराब, भांग, गांजा, चरस, अफीम, डोडा-पोस्त, स्मैक, हेरोइन, कोकीन तथा विभिन्न सिंथेटिक एवं नशीले पदार्थों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने नशे से बचाव के लिए जागरूकताए नशे से दूरी, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आवश्यकता होने पर उचित परामर्श एवं उपचार लेने पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। प्राचार्य डॉ सांवरमल जाट ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा एवं क्षमता का उपयोग देश के निर्माण एवं राष्ट्र के विकास में किया जाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की समस्त छात्राएं, नशा मुक्ति केन्द्र प्रभारी विष्णु दत्त एवं समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

You might also like