जिला कारागृह का किया निरीक्षण
झुंझुनूं,(जय जांगिड़)7 मई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झुंझुनूं की सचिव मधु हिसारिया ने गुरूवार को झुंझुनूं जिले में स्थित कारागृह का निरीक्षण किया। मधु हिसारिया द्वारा निरीक्षण के दौरान बंदियों को कोविड -19 के बचाव हेतु किये जा रहे कार्यो के बारे में प्रमोद सिंह, उपाधीक्षक जिला कारागृह झुंझुनूं से जानकारी प्राप्त की तथा कारागृह में निरूद्ध बंदियो को समय- समय पर मास्क तथा सेनेटाइजर का उपयोग करवानेे बाबत अधीक्षक को दिशा निर्देश प्रदान किये। हिसारिया ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम हेतु लॉकडाउन के दौरान झुंझुनूं की अदालतों में सामान्य कामकाज भले बंद है, लेकिन जेलों में भीड़ कम कराने की मुहिम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झुंझुनूं द्वारा लगातार कार्य कर झुंझुनूं जिले की अधीनस्थ अदालतों में 61 जमानत प्रार्थना पत्र पेश करवाये गए। उनमें से 18 में जमानत भी हो गई। खास बात यह रही कि इन मामलों में वकील की बहस नहीं हुई। न्यायालय ने ही जमानत प्रार्थना पत्र, पुलिस रिपोर्ट /लोक अभियोजक रिपोर्ट के आधार पर कोविड-19 की परिस्थितियों के तहत फैसला किया। जमानत प्रार्थना पत्र की कॉपी पुलिस और लोक अभियोजक को पहले ही देने की कार्यवाही की गई जिससे अपराधी की रिपोर्ट न्यायालय में सुनवाई से पहले पहुंची। इनमें से मजिस्ट्रेट कोर्ट में 38 और जिला एवं सत्र न्यायालय (डीजे कोर्ट) अथवा अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालयों (एडीजे कोर्ट) में 23 जमानत के मामले पेश हुए। ये प्रार्थना पत्र 31 मार्च से 05 मई के बीच पेश हुए। उल्लेखनीय है कि अदालतो में कोरोना के कारण अत्यावश्यक मामले ही सुने जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला कारागृह में कार्यरत डॉक्टर से कारागृह के बंदियो का समय- समय पर स्वास्थ्य परिक्षण करने हेतु निर्देश प्रदान किये गये। निरीक्षण के दौरान बंदियो को आपस में पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। उपाधीक्षक जिला कारागृह द्वारा बताया गया कि जेल बंदियों द्वारा मास्क तैयार किये जा रहे है तथा जिला कारागृह में सभी बंदियों को मास्क प्रदान किये जा रहे है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झुंझुनंू की सचिव ने जिला कारागृह में बंदियो के लिए भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया। कैदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधा, साफ -सफाई आदि का जायजा लिया।