शराब की दुकान से तीन लाख की चोरी

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । रामगंज थाना इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने शराब की दुकान का शटर तोड़ उसमें से रखे तीन लाख रुपए चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। शनिवार सुबह दुकान का ताला टूटा देख पीड़ित को मामले की जानकारी चली। जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वहीं लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि सेल्समैन उमाकांत की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले । दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में नकाबपोश बदमाशों की करतूत कैद मिली। तड़के करीब 315 बजे दिल्ली रोड स्थित खटीक मंडी के पास स्थित शराब की दुकान पर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। दो बदमाशों ने लोहे की रॉड की मदद से दुकान का शटर तोड़ा। तीसरा साथी बाइक पर बैठकर निगरानी करता रहा। शटर तोड़कर अंदर घुसकर बदमाश गल्ले में रखे रुपयों को जेब में डाल लिया। जिसके बाद तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे रुपयों के बंडल निकाले। नकाबपोश बदमाश दुकान के अंदर रखे करीब 3 लाख रुपए चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार नकाबपोश बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।

You might also like