सांसद अग्रवाल ने गुरुदेव से लिया आशीवार्द
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने लाडनूं के जैन विश्व भारती का दौरा किया यहां उन्होंने आचार्य श्री महाश्रमण के दर्शन कर उनके पावन प्रवचनों से धर्म लाभ लेकर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। सांसद अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यहां गुरुदेव के दर्शन कर मुझे एक विशेष अहसास का अनुभव हुआ है। आपके दर्शन करने का मुझे गौरव प्राप्त हुआ इसके लिए मैं खुद को भाग्यशाली समझता हूं। धर्म के बारे में आपका मार्गदर्शन मानव जाति को प्रेरणा प्रदान करता है। सत्य एक ही है अलग अलग महापुरुष उसको अलग अलग रूप में व्यक्त करते है लेकिन गंतव्य सभी का एक ही है। उन्होंने कहा कि मानवजाति का कल्याण ही सभी धर्मों का सार है। उन्होंने वर्ष 2021 में भीलवाड़ा में गुरुदेव के चातुर्मास कार्यक्रम को याद करते हुए कहा कि वे पल मेरे लिए अविस्मरणीय है उनको याद कर के भीलवाड़ा की जनता रोमांचित हो जाती है। इस अवसर पर जैविभा अध्यक्ष अमरचंद लुंकड़, मंत्री सलील लोढ़ा, प्रवास व्यवस्था समिति अध्यक्ष प्रमोद बैद, महामंत्री निर्मल कोटेचा, राजेंद्र खटेड़ सहित धर्म प्रेमी लोग उपस्थित रहे।