विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । तहसील के ग्राम बेड़ में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के भाई जगदीश ठोलिया निवासी शिमला ने पुलिस में रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी बहन संजूदेवी की शादी करीब 17 वर्ष पहले प्रेमाराम निवासी बेड़ के साथ हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी प्रेमाराम उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित करता रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, बीती रात आरोपी ने संजूदेवी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी पड़ोसियों के माध्यम से परिजनों तक पहुंची, जिसके बाद तुरंत पुलिस थाना निम्बी जोधा को सूचित किया गया। घटना के बाद से आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका के चाचा सुरजाराम ठोलिया ने अपनी भतीजी के पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में निम्बी जोधा थाने में मामला दर्ज करवा दिया गया है। साथ ही परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव को लेने से इनकार किया है। घटना की सूचना मिलने पर आरएलपी नेता रामकरण रेवाड़, ज्ञानाराम मेहरिया, सुभाष ठोलीया एवं बड़ी संख्या में अन्य ग्रामीण अस्पताल में एकत्रित हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। मामले की जांच थानाधिकारी सिद्धार्थ को सौंपी गई है।