2019 के बहुचर्चित मामले में वार्ड पार्षद सहित 13 आरोपी बरी

निसं
बीदासर (नवयत्न)। सिविल न्यायालय बीदासर ने सोमवार को वर्ष 2019 के बहुचर्चित मामले में फैसला सुनाते हुए एक पार्षद सहित कुल 13 आरोपियों को बरी कर दिया। न्यायालय ने आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 में राजकीय गोवर्धन प्रसाद टांटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार तथा चिकित्सकों के रिक्त पद भरने की मांग को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं महापड़ाव आयोजित किया गया था। इस दौरान दर्ज हुए मुकदमे की सुनवाई के बाद सोमवार को बीदासर सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील गोस्वामी ने अपना फैसला सुनाया। फैसले में पार्षद बेगराज नाई, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामनिवास माली, प्रोफेसर जुगल किशोर प्रजापति, राजेंद्र नोसरिया, उमेद शर्मा, आसीफ कुरैशी सहित कुल 13 व्यक्तियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया गया। आरोपी पक्ष की ओर से न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता अमरसिंह राठौड़ एवं गोवर्धन सिंह ने पैरवी की।

You might also like