1372 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद, एक गिरफ्तार

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पांचू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1372 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 26 अक्टूबर को चलाए गए विशेष सघन अभियान के दौरान पांचू थाना पुलिस ने नोखा के निकट सुपरविजन क्षेत्र में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शिक्षण संस्थानों के 500 मीटर के दायरे में चेकिंग व तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पांचू स्थित करणी जोधपुर स्वीट्स एंड नमकीन भंडार की तलाशी ली गई, जहां से 1372 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने दुकान संचालक कुलदीप सिंह निवासी किसानसर, थाना पांचू, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी डोडा पोस्त चूरा की पुड़िया बनाकर बेचता था। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशानुसार और वृत्ताधिकारी नोखा के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद पुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

You might also like