छापर में 15 लोगों ने लिया नैत्रदान का संकल्प
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । लायंस क्लब द्वारा शुरू की गई नैत्रदान की मुहीम रंग लाने लगी है और छापर में 15 लोगों ने नैत्रदान की घोषणा की है। लायंस क्लब द्वारा गुरुवार को छापर में पहला नेत्रदान करने वाली स्वर्गीय रामप्यारी देवी दाधीच पत्नी स्वर्गीय झूमरमल दाधीच के देवर चैनरूप और पुत्र पवन दाधीच व उनके परिवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परिवार के 15 लोगों ने एक साथ नेत्रदान करने का संकल्प लिया। साथ ही नेत्रदान के प्रति जागरूकता को बढ़ावा के लिए नेत्रदान प्रेरणा पोस्टर का विमोचन भी किया गया। मौजूद लोगों ने पोस्टर के माध्यम से नेत्रदान का संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बाबूलाल शर्मा, जयचंदलाल दाधीच, चैनरूप दायमा, डॉ. गिरधारी रतावा, श्रीराम शर्मा, जनार्दन शर्मा, रामचंद्र शर्मा, रामदयाल शर्मा तथा पवन शर्मा सहित 15 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लेकर अच्छा उदाहरण प्रस्तुत किया। चैनरूप दायमा ने कहा कि मृत्यु के बाद नेत्रदान सबसे बड़ा मानवीय दान है और एक व्यक्ति का नेत्रदान दो लोगों के जीवन में उजाला ला सकता है। छापर और आस पास के क्षेत्र मे घर-घर जाकर इस मुहिम को युद्ध स्तर पर ले कर जाएंगे और अधिकतम नेत्रदान करने के लिए लोगों को संकल्प करवाएंगे। इस दौरान लायन्स क्लब सुजानगढ़ की ओर से जोन चेयरमैन कमल तापड़िया, अध्यक्ष प्रशांत पारीक एवं देवेंद्र बेदी मौजूद रहे।