श्री बालाजी महाराज का 15वां विशाल जागरण 2 अप्रैल को
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न ) । शहर में धार्मिक आस्था का माहौल एक बार फिर देखने को मिलेगा, जब श्री बालाजी महाराज का 15वां विशाल जागरण आगामी 2 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को आयोजित किया जाएगा। यह भव्य आयोजन चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर रात्रि 9 बजे से शुरू होगा।
कार्यक्रम का आयोजन श्री बीहड़ बुगली बालाजी धाम, सोमनाथ जी मंदिर के पास, सरदारशहर में किया जाएगा। आयोजक मंडल श्री बीहड़ बुगली बालाजी भक्त मंडल, सरदारशहर द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं, जिससे कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
जागरण में भक्ति संगीत की प्रस्तुति भजन सम्राट संत श्री गुलाबनाथ जी महाराज (रूकनसर धाम) द्वारा दी जाएगी, जो अपनी मधुर भजन गायकी से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में संत श्री कैलाशनाथ जी महाराज का पावन सान्निध्य भी प्राप्त होगा। मंदिर के पवन पुजारी ने बताया कि कार्यक्रम में भव्य श्रृंगार, अखंड ज्योत, पुष्प वर्षा और महाप्रसादी जैसी विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें। शहरवासियों में इस जागरण को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बालाजी महाराज के भजनों का आनंद लेने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।