NH-37 किनारे 188 अतिक्रमण हटेंगे , हाईकोर्ट के आदेश पर बड़ा प्रशासनिक एक्शन

 

निसं
गुढ़ागौड़जी (नवयत्न)। कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 (NH-37) पर लंबे समय से बने अतिक्रमणों को लेकर अब प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। हाईकोर्ट के आदेशों की पालना में प्रशासन ने राजमार्ग के दोनों ओर बने कुल 188 अतिक्रमणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में हलचल मच गई है और प्रभावित लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

प्रशासन द्वारा जारी नोटिस के अनुसार NH-37 पर 80 फीट चौड़ी सड़क के अलावा दोनों तरफ 25-25 फीट भूमि खाली करवाई जाएगी। इसके लिए अतिक्रमणकारियों को 15 दिन का समय दिया गया है। तय समय सीमा में स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई करेगा तथा हटाने में आने वाला पूरा खर्च संबंधित अतिक्रमणकारियों से ही वसूला जाएगा।

जानकारी के अनुसार हाईकोर्ट में सड़क सीमा क्षेत्र में हुए अतिक्रमणों को लेकर मामला विचाराधीन था, जिस पर अदालत ने प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों के बाद स्थानीय प्रशासन, राजस्व विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर ली है।

विशेष बात यह है कि इस कार्रवाई की जद में सरकारी भवन भी आ रहे हैं। पुलिस थाने की चारदीवारी, एक कमरा तथा PWD कार्यालय का हिस्सा भी सड़क सीमा क्षेत्र में पाया गया है। ऐसे में प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के की जाएगी और सरकारी अथवा निजी, सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाए जाएंगे।

तहसीलदार कुलदीप भाटी ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। सभी चिन्हित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया है ताकि अनावश्यक नुकसान से बचा जा सके। समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासनिक टीम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर कार्रवाई करेगी।

प्रशासन की इस तैयारी के बाद कस्बे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कई व्यापारियों और दुकानदारों ने प्रशासन से राहत की मांग भी शुरू कर दी है। वहीं आमजन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

You might also like