204 किलोग्राम बदबूदार नमकीन और 210 किलोग्राम खराब तेल किया नष्ट
सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। त्योहार पर लोगों को शुद्ध एवं ताजा खाद्य वस्तुएं उपलब्ध हो और मिलावटखौरों पर नकेल कसने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमित कार्रवाई की जा रही हैं। रक्षाबंधन के पर्व पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर प्रदेश भर में कार्रवाई की जा रही है। जिला कलेक्टर आशीष मोदी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया के नेतृत्व में चल रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत गुरूवार को केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोहित शर्मा के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह बाजिया, महमूद अली, नंदराम मीणा एवं सुरेश कुमार शर्मा की टीम ने सीकर शहर व आसपास के क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान उन्होंने सीकर शहर के जगमालपुरा रोड खटीकान प्याउ पर स्थित श्री श्याम बीकाणा नमकीन निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। फैक्ट्री में गंदगी और बदबू फैली हुई थी। टीम ने मिलावट की आशंका पर उन्होंने सोन पापड़ी, भूजिया, चना दाल के सैम्पल लिए और 272 सोन पापड़ी, 116 किलो चना दाल तथा 25 किलो भूजिया सीज किया। साथ ही निर्माण इकाई में खराब वं बदबूदार मिली 204 किलोग्राम नमकीन और 210 पामोलिन ऑयल को नष्ट करवाया। टीम ने फर्म संचालको साफ सफाई नहीं रखने तथा अन्य कमियां पाए जाने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस भी दिया। एसएसओ फूल सिंह बाजिया ने बताया कि रक्षाबंधन, जन्माष्टमी व पर्व को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा जिले में खाद्य वस्तुओं की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा हैं। उन्होंने आमजन से मिलावट करने वालों की सूचना विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01572-248211 पर देने की अपील की है।