गर्भवती का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, बच्चों को लगाए जीवनरक्षक टीकें

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। गर्भवती और बच्चों की सेहत को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इसको लेकर गुरूवार को विभाग की ओर से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस और मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस मनाया गया। जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों द्वारा गर्भवती के स्वास्थ्य की जांच कर चिकित्सकों ने गर्भवती को गर्भावस्था में बरतने वाली सावधानियों व पोषण युक्त आहार के बारे में बताया। विभाग की ओर से 9, 18 व 27 तारीख को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाती है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि गर्भावस्था व प्रसव के दौरान जोखिम को कम करने के लिए विभाग की ओर से सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है। इसके साथ ही गुरूवार को मातृ शिशु स्वास्थ्य पोषण दिवस पर चिकित्सा संस्थान व आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह ने बताया कि चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, तापमान की जांच, हृदय स्पंदन व प्रसव से संबंधित जटिलताओं की जांच की गई। उन्होंने जिले के त्रिलोकपुरा, सुजावास, शेरपुरा, मकसूदपुरा और रायपुरा में टीकाकरण स्थल पर जाकर बच्चों व गर्भवती को दी गई सेवाओं व सुविधाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को प्रत्येक गर्भवती से लगातार संपर्क करने तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली गर्भवती की ट्रेकिंग करने और गर्भवती महिला के शरीर में कैल्शियम व खून की कमी नहीं आए, इसके लिए आईएफए, कैल्शियम और अन्य आवश्यक दवाइयां देने पर जोर दिया। उनके साथ राकेश स्वामी भी थे। उन्होंने बताया कि एमसीएचएन दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को पीलिया, टीबी, हैपेटाइटिस बी, गलघोंटू, काली खांसी, निमोनिया, टिटनेस, मैनिनजाइटिस खसरा और रूबलेए रोटा, दस्त आदि रोगों से बचाव के लिए टीके लगाए और गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व देखभाल के बारे में जानकारी दी गई।

You might also like