37 किलोग्राम अवधि पार मिठाइयां व कोल्ड ड्रिंक नष्ट

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। दीपावली के पर्व को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य वस्तुओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को खंडेला, लक्ष्मणगढ़ और धोद क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान मिलावट की आशंका पर 70 लीटर सरसों सीज किया। वहीं 37 किलोग्राम अवधि पार मिठाइयों व कोल्ड ड्रिंक नष्ट किए और खाद्य वस्तुओं के 30 सैम्पल लिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि जिला कलेक्टर आशीष मोदी के नेतृत्व में दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य वस्तुओं की सघन जांच और मिलावट करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूलसिंह बाजिया, सुरेश कुमार शर्मा, शुभम शर्मा व साधना जांगिड़ की टीम ने खंडेला के सांवरमल अशोक कुमार के यहां पर मिलावट की आशंका पर 70 लीटर सरसों तेल को सीज किया। वहीं श्री बद्री जोधपुर मिष्ठान भण्डार से रसगुल्ले, जेपी एंड कंपनी से कच्ची घानी सरसों तेल, सोयाबिन तेल, हल्दी पाउडर, पोहा, श्री राजगुरू स्वीट होम से कलाकंद, सोनपापड़ी, न्यू सैनी रसगुल्ला भण्डार से रसगुल्ला सहित 9 सैम्पल लिए। वहीं न्यू सैनी मिष्ठान भंडार के यहां से 37 किलोग्राम अवधि पार मिठाइयां व कोल्ड ड्रिंक मौके पर नष्ट करवाए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदलाल मीणा, कमलेश कुमार मीणा, सुनिता यादव की टीम ने धोद क्षेत्र में श्री श्याम स्वीट्स एवं बैकर्स से मावा, गुलाब जामुन, नाथावत मिनी मार्ट से धनिया पाउडर, नमक, श्री जोधपुर मिष्ठान से रसगुल्ला, मावा, पेडा, नमकीन, श्री महावीर जोधपुर स्वीट्स होम एंड नमकीन से मावा पेडा, सोहन पापड़ी व न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार से साहन पापडी व कलाकंद सहित 12 सैम्पल लिए। इसी प्रकार लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महमूद अली, तरूण शर्मा व अम्बिका चौधरी ने श्री श्याम रसगुल्ला एवं मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला, मावा, घी, बाबू कैटर्स एवं स्वीट होम से मावा पेडा, मावा बर्फी, सैनिक रसगुल्ला फैक्ट्री से मावा, रसगुल्ला व घी सहित 9 सैम्पल लिए। सभी सैम्पलों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।

You might also like