46 ग्राम अफीम और 266 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। पुलिस थाना पांचू ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 46 ग्राम अवैध अफीम और 266 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद किया है। थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि पुलिस ने मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर को भी जब्त किया है। जांगिड़ से मिली जानकारी के अनुसार 12 नवंबर को महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन में एवं नोखा वृत्ताधिकारी जरनेलसिंह के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद पुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी अब्दुल गफ्फार पुत्र जनाब अली निवासी हिंदौर, थाना राजियासर, जिला गंगानगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 46 ग्राम अफीम एवं 266 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद किया गया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर को भी जब्त किया गया।
राजकॉप ऐप से खुला आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने पंचायत राज चुनाव 2026 के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच के दौरान आरोपी पर संदेह होने पर राजकॉप मोबाइल ऐप के माध्यम से उसकी फोटो का मिलान किया। जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया। आरोपी के खिलाफ जनवरी 2026 में नापासर थाने में अवैध शराब तस्करी का मुकदमा दर्ज था, जिसमें उसके कब्जे से ट्रक में 980 कार्टन शराब बरामद की गई थी।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद पुनी के साथ उमेद सउनि, रणाराम हेड कांस्टेबल, अन्नाराम हेड कांस्टेबल, सुनील कुमार, लीलाराम, भगवानाराम, मूलाराम एवं गणेशराम डीआर कांस्टेबल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।