5 हजार लीटर अवैध शराब की वॉश नष्ट
निसं
जयपुर (नवयत्न)। पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आमेर थाना पुलिस ने ग्राम कांकरेल में कार्रवाई की। पुलिस टीम ने चौकीदारों की ढाणी में दबिश देकर अवैध देशी हथकढ़ शराब बनाने की 25 भट्टियां और उपकरण नष्ट किए। मौके से करीब 5 हजार लीटर शराब बनाने की वॉश नष्ट की गई, जबकि 10 लीटर तैयार अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा के अनुसार अवैध शराब के कारोबार के मामले में आमेर थाने के हिस्ट्रीशीटर पप्पू लाल मीणा के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने पंचायती राज चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आमेर थानाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर-प्रथम आलोक सिंघल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त आमेर प्रतीक सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व आमेर थानाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र कुमार गोदारा ने किया। वहीं कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक प्रीति, हेड कांस्टेबल पवन कुमार और अमरसिंह सहित कांस्टेबल बलबीर, सीताराम, मनोज कुमार, दिनेश कुमार, रमेश कुमार, नृसिंह लाल, पवन कुमार, धर्मवीर, प्रहलाद और झाबरमल शामिल रहे।