पाबूजी धाम में 51 जोड़ों ने किया महा रुद्राभिषेक

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। लुणासर स्थित पाबूजी धाम में धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महंत रघुवीर सिंह राठौड़ के सानिध्य में लोहार्गल से 31 कावड़ियों की तृतीय कावड़ यात्रा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पाबूजी धाम पहुंची। धाम पहुंचने पर कावड़ियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर 51 जोड़ों की सहभागिता से भगवान शिव का भव्य महा रुद्राभिषेक करवाया गया। श्रीडूंगरगढ़ के आचार्य पंडित किशन शास्त्री के मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। महा रुद्राभिषेक के दौरान पाबूजी धाम परिसर ओम नम: शिवाय के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महंत रघुवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि कावड़ यात्रा में 31 कावड़िये श्रद्धा और भक्ति के साथ शामिल हुए। यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। महा रुद्राभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और धाम में पूजा-अर्चना कर मनोकामनाएं मांगी। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पाबूजी धाम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए यहां आध्यात्मिक शांति मिलने की बात कही। कार्यक्रम में भादर सिंह, अजयपाल सिंह, अमरसिंह, लक्ष्मण सिंह, राम सिंह, अरविंद सिंह देरासर, संग्राम सिंह, भवानी सिंह, रणवीर सिंह, हरि सिंह रायपुरिया, महेंद्र सिंह, मनोज कुमावत, दशरथ सिंह, जसवंत सिंह, दिग्विजय सिंह, पुष्पा देवी, स्वरूप कंवर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

You might also like