9 दिन बाद भी नहीं हुआ हत्या का खुलासा, ग्रामीणों में आक्रोश
गुहाला में रामजीलाल हत्या का है मामला
नीमकाथाना,(हरीश देवन्दा)31 मई। उपखंड के ग्राम गुहाला में बहुचर्चित रामजीलाल हत्याकांड के आरोपियों का 9 दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों का खुलासा नहीं होने पर सर्व समाज में आक्रोश व्याप्त है।
रविवार को हत्या का खुलासा नहीं होने पर सर्वसमाज के जनप्रतिनिधियों ने मीटिंग आयोजित कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व सरपंच गोपाल सैनी ने बताया कि रामजीलाल हत्याकांड में 9 दिन बाद भी सीआई सुरेन्द्र कुमार से न्याय की कोई उम्मीद नहीं है। उन्होने कहा कि अब तक आरोपियों का खुलासा करने के लिये समय दिया जा रहा था। मृतक रामजीलाल के पिता महावीर प्रसाद ने आरोपियों का खुलासा कर गिरफ्तार करने की मांग की है।
सरपंच प्रतिनिधि बाबूलाल चौहान ने कहा कि सोमवार को रामजीलाल की हत्या को लेकर सर्व समाज उच्च अधिकारियों से मिलेगा। डेहरा जोहड़ी सरपंच प्रतिनिधि शिशपाल सैनी ने कहा कि अगर पुलिस ने जल्द आरोपियों का खुलासा नहीं किया तो उग्र आंदोलन करने की रणनीति बनायी जायेगी।
इस अवसर पर मो. रशीद, पूर्व प्रधान घीसालाल, पूर्व प.स. सदस्य कानाराम चाहर, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि छोटुराम, पूर्व प.स. सदस्य भागाराम, महेन्द्र, मुकेश सैनी, महेश सैनी आदि थे।