उधार सब्जी देने से मना किया तो दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला

डी. के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में उधार सब्जी देने से मना करना एक फल-सब्जी विक्रेता को भारी पड़ गया। करीब आधा दर्जन युवकों ने दुकान में घुसकर दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले दुकान के अंदर मारपीट की, फिर उसे घसीटकर सड़क पर लाकर बेरहमी से पीटा। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी कई बार उधार सब्जी लेकर गया था और पैसे नहीं लौटाए। इस बार उधार देने से मना करने पर विवाद हुआ और मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी है।

थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा ने बताया कि पीड़ित पप्पू लाल सैनी ने मामला दर्ज करवाया है कि उसकी 2 नंबर बस स्टैंड के पास फल-सब्जी की दुकान है। 27 अप्रैल की रात कुंडा रोड निवासी मोहित शर्मा नींबू खरीदने आया था। नींबू लेने के बाद जब पैसे मांगे गए तो उसने भुगतान से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने साथियों को बुला लिया। जिन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जहां आरोपियों ने पहले दुकान के अंदर मारपीट की और सीसीटीवी का पता चलने पर उसे बाहर सड़क पर ले जाकर फिर से पीटा। हमले में उसके हाथों और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल हरिनारायण ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तलाश की जा रही है

You might also like