बिजली विभाग की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण, हरे पेड़ काटने पर किया विरोध प्रदर्शन
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । बिजली विभाग की ओर से मेंटेनेंस के नाम पर हरे-भरे पेड़ों को नीचे से ही काटे जाने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रविवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग व पेड़ काटने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की। रमेश पांडे के नेतृत्व में डायरेक्टर बंगले के सामने स्थित इंदिरा गांधी पार्क के पास ग्रामीण एकत्रित होकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली तारों के संपर्क में आ रही टहनियों को हटाने के बजाय पूरे पेड़ों को ही नीचे से काट दिया गया, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
रमेश पांडे ने कहा कि एक ओर सरकार हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही से वर्षों पुराने हरे पेड़ों को नष्ट किया जा रहा है। अगर टहनियां काटनी थीं तो नियमानुसार सिर्फ वही काटी जानी चाहिए थी, लेकिन समय बचाने के लिए पूरे पेड़ ही खत्म कर दिए गए। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई स्थानों पर छोटे व जंगली पेड़, जो वास्तव में तारों को छू रहे हैं, उन्हें नहीं हटाया गया, जबकि बड़े और विकसित पेड़ों को निशाना बनाया गया। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। विरोध प्रदर्शन करने वालों ने कहा कि हरे पेड़ केवल छाया ही नहीं देते, बल्कि क्षेत्र के तापमान को नियंत्रित करने, हवा को शुद्ध रखने और जैव विविधता को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। बिना अनुमति और बिना सूचना के इस तरह पेड़ों की कटाई करना पर्यावरण संरक्षण के नियमों का उल्लंघन है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। गौरतलब है कि शनिवार को बिजली विभाग ने मेंटेनेंस के नाम पर करीब तीन घंटे बिजली सप्लाई बंद रखी थी। इस दौरान तारों के नीचे आ रही डालियों को काटने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कर्मचारियों ने नियमों की अनदेखी करते हुए कई पेड़ों को जमीन के पास से ही काट दिया। विमल शर्मा, राजेश नारवाल, नवीन अग्रवाल, श्रवण सैन, जितेंद्र सोनी, विजय सिराधना, निक्कू, कुलदीप, प्रेम मीणा, राकेश, खालिद, यश शर्मा, विवेक, राजन बॉयल, सोनू गुर्जर आदि ने विरोध प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारे बाजी की साथ ही बिजली विभाग व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।