कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी से व्यापारी वर्ग में रोष
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में करीब 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी ने बाजार में हलचल मचा दी है। इस फैसले का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है, वहीं व्यापारी वर्ग में भी गहरी नाराज़गी देखने को मिल रही है।
गैस कीमतों में अचानक आए इस उछाल से चाय विक्रेता, स्ट्रीट वेंडर, मिठाई कारोबारी, कैटरिंग सर्विस और छोटे उद्योग सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। गैस पर निर्भर टेक्सटाइल उद्योग और अन्य लघु एवं मध्यम उद्योगों की उत्पादन लागत बढ़ने से कई इकाइयां संकट में आ गई हैं। कुछ छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स ने तो अपना काम बंद करने तक का निर्णय ले लिया है।
व्यापारियों का कहना है कि पहले ही कमर्शियल गैस की उपलब्धता को लेकर पाबंदियां और दिक्कतें बनी हुई थीं, जिससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिला। अब कीमतों में बढ़ोतरी के बाद ब्लैक में सिलेंडर और महंगा मिलने लगा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। दो महीने पहले कमर्शियल सिलेंडर पर लगी पाबंदियों के चलते घरेलू गैस सिलेंडर की मांग में भी अचानक इजाफा हुआ था, जिससे बाजार में मारामारी की स्थिति बन गई थी।
जयपुर कैटरिंग डीलर्स समिति के अध्यक्ष मनोज सेवानी और उपाध्यक्ष राजीव सिंह हाड़ा सहित दौलत सिंह सोलंकी, हेमचंद श्रीमाल, विष्णु सेन, मनमोहन शर्मा, संजय पंडित और आशुतोष शर्मा ने बताया कि गैस के दाम बढ़ने से लागत में भारी वृद्धि हुई है। ऐसे में व्यापारी अपने नुकसान की भरपाई के लिए उत्पादों के दाम बढ़ाने को मजबूर होंगे।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो इसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ेगा और महंगाई का दबाव और अधिक बढ़ेगा। फिलहाल बाजार में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है और सभी की नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है।