बार काउंसिल चुनाव पर कलेक्ट्री और हाईकोर्ट के आसपास रहेगा ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । राजस्थान बार काउंसिल के स्थगित हुए चुनाव अब सोमवार को आयोजित किए जाएंगे। जयपुर के तीनों न्यायक्षेत्रों (जयपुर महानगर प्रथम, द्वितीय और जयपुर जिला) में होने वाले मतदान के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का भारी दबाव रहने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी कर वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर यातायात योगेश गोयल के अनुसार राजस्थान बार काउंसिल चुनाव के चलते उच्च न्यायालय के सामने स्थित जनपथ पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहेगा। । इसके अलावा तिलक मार्ग, वानिकी पथ, सहदेव मार्ग, अम्बेडकर सर्किल और स्टैच्यू सर्किल पर भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। वहीं कलेक्ट्री के आसपास खासाकोठी, कबीर मार्ग और कलेक्ट्री सर्किल पर सामान्य से अधिक यातायात रहने की संभावना है।
इसके साथ ही भीड़भाड़ और जाम से बचने के लिए सिंधी कैंप से आने-जाने वाली बसों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इसके चलते सिंधी कैंप से सीकर रोड जाने वाली बसें अब मयंक तिराहा, पारीक कॉलेज मोड़ और झोटवाड़ा रोड से होते हुए पानीपेच तिराहा के रास्ते निकलेंगी ।
वहीं सीकर रोड से आने वाली बसें पानीपेच तिराहा से झोटवाड़ा रोड और संजय सर्किल होकर सिंधी कैंप पहुंच सकेंगी। यातायात पुलिस की अपील है कि असुविधा से बचने के लिए आमजन इन प्रभावित मार्गों के बजाय समानांतर मार्गों का प्रयोग करें।

You might also like