बिजली विभाग के अधिकारियों के ढुलमुल रैवये से कर्मचारी व उपभोक्ता परेशान

निसं
सूरजगढ़ (नवयत्न) । कस्बे के अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के ढुलमुल रवैये से कर्मचारी व आम उपभोक्ता परेशान नजर आ रहा है। सोमवार को परेशान कर्मचारियों ने पावर हाउस में धरना देकर अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन व नारेबाजी शुरू कर दी। लाइनमैन सुनिल कुमार ने बताया कि निगम ने पिछले करीब छह माह से क्षेत्र के फाल्ट निकालने का काम एफ आर टी टीम को दे रखा है। लेकिन अब भी विभाग के अधिकारी फाल्ट निकालने का काम लाइनमैनों से करवाते हैं। जेईएन द्वारा 1 मई को लिखित आदेश जारी कर ग्रामीण क्षेत्रों में फाल्ट निकालने के लिए संबंधित लाइनमैनों को अधिकृत किया। कर्मचारियों का कहना है कि अधिकारियों का अधिकृत फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए फर्म को बिल भुगतान करने की मंशा है। एफआरटी टीम द्वारा कार्य न करने की स्थिति में कनिष्ठ अभियंता द्वारा कार्मिकों को अनुचित आदेश जारी कर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाते है, वहीं मानसिक प्रताड़ित किया जाता है तथा सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता द्वारा दूरभाष पर निलंबित करने तथा देख लेने व ईलाज कर देने जैसी की धमकियां दी जाती है। सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता द्वारा फिल्ड में कार्मिको पर दबाव बनाकर अनुचित व गैर निगम नियमानुसार कार्य करवाए जाते है। कर्मचारियों द्वारा मना करने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर मानसिक रूप से प्रताडित किया जा रहा है। उक्त दोनों अधिकारियों द्वारा अवकाश के दिन भी कार्य करने हेतु दबाव बनाया जाता है। फिडर के समस्त कर्मचारियों द्वारा मांगे नहीं माने जाने तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर विनोद कुमार, परसाराम, नरसिंह, कृष्ण कुमार, विमल कुमार, जयकुमार राव, कैलाश कुमार, नरेश कुमार, विरेन्द्र, ओमप्रकाश, राजकुमार सहित फीडर के समस्त लाइनमैन मौजूद रहे।

You might also like