सहायक रजिस्ट्रार 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 

 

 

डी के सैनी 

जयपुर (नवयत्न)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की एसयू अजमेर टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारी समितियां डीडवाना-कुचामन के सहायक रजिस्ट्रार पीथदान चारण को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी (एसयू) अजमेर को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। इसमें परिवादी ने आरोप लगाया कि सहायक रजिस्ट्रार पीथदान चारण द्वारा राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम 2001 की धारा 28(3) के तहत जारी नोटिसों (1 अप्रैल व 15 अप्रैल) के मामलों में परिवादी के पक्ष में फैसला करने और गबन के आरोप से राहत दिलाने के बदले 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वन्दना भाटी के निर्देशन में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह राठौड़ ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत राशि लेते हुए पकड़ लिया।

एसीबी द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

 

 

You might also like