अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न) । शहर के भांकरोटा थाना इलाके के अजमेर रोड स्थित भांकरोटा पुलिया पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब 45 वर्षीय एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस की सहायता से एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार देर रात हुआ था,जब अज्ञात वाहन ने राह चलते व्यक्ति को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान के प्रयास कर रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके।