एसडीएम के रीडर पर कार्रवाई की मांग, वकीलों ने नारेबाजी कर सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
रिजवान बागोट
बीदासर (नवयत्न) । सरदारशहर उपखण्ड अधिकारी के रीडर द्वारा किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार और अभद्र व्यवहार के विरोध में अब बीदासर के अधिवक्ताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को अभिभाषक संघ बीदासर के सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय पर जमकर नारेबाजी कर मुख्यमंत्री, राजस्व मंडल, और चूरू जिला कलेक्टर के नाम के विभिन्न ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी अमीलाल यादव को सौंपकर आरोपी रीडर के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। अभिभाषक संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सरदारशहर उपखण्ड अधिकारी के रीडर पर अधिवक्ताओं के साथ लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करने, दुर्व्यवहार करने और खुलेआम रिश्वत की मांग करने के गंभीर आरोप हैं। इतना ही नहीं, अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि रीडर द्वारा उनकी जानकारी के बिना फाइलों में हेरफेर भी किया जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि इस भ्रष्ट व्यवहार के विरोध में सरदारशहर के अधिवक्ता बीते 23 फरवरी 2026 से न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं और 27 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि जिला कलेक्टर चूरू और एसडीओ सरदारशहर को बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उच्चाधिकारियों, मुख्यमंत्री, चेयरमैन राजस्व मंडल और मुख्य सचिव को मामले की गलत रिपोर्ट भेजकर आरोपी रीडर को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं ज्ञापन देकर वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि उक्त रीडर के विरुद्ध जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो बीदासर के अधिवक्ता भी सरदारशहर अभिभाषक संघ के समर्थन में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान संघ के सचिव गोवर्धन सिंह, बार संघ के पूर्व अध्यक्ष रघुवीर भामूं, अरविंद चौधरी, गौतम सैनी, लालचंद जाट, अख्तर सोलंकी, प्रैम सैनी, ईरफान सोलंकी, वसीम कानूनीया, राधाकृष्ण धेड्डू, रिजवान बागोट, आरती डूंखवाल, करण भार्गव सहित कई अधिवक्तागण मौजूद थे।