मिला पहला शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ. दीपक महला ने संभाला पदभार
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर के राजकीय चिकित्सालय में लंबे समय से रिक्त चल रहे शिशु रोग विशेषज्ञ के पद पर आखिरकार नियुक्ति हो गई है। शनिवार को शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक महला ने राजकीय चिकित्सालय में पदभार ग्रहण किया। राजलदेसर में पहली बार शिशु रोग विशेषज्ञ के पद पर चिकित्सक की नियुक्ति होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से शिशु रोग विशेषज्ञ नहीं होने के कारण नवजात शिशुओं एवं बच्चों के उपचार के लिए लोगों को दूसरे शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। लोगों की मांग और आवश्यकता को देखते हुए चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह ने डॉ. दीपक महला की नियुक्ति राजलदेसर चिकित्सालय में की । पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. दीपक महला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजलदेसर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नवजात शिशुओं और बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना उनका पहला उद्देश्य रहेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में नियमित रूप से सेवाएं देकर मरीजों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष शिव भगवान सोनी ने डॉ. दीपक महला का दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर आईएफडब्लूजे पत्रकार संघ के अध्यक्ष मदन दाधीच , महासचिव विनोद भाटिया ,रामोतार पांडे भी मौजूद रहे ।