केकेसी इंटरनेशनल स्कूल में मदर्स डे मनाया

निसं
सरदारशहर (नवयत्न)। स्थानीय केकेसी इंटरनेशनल स्कूल में मदर्स डे का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में क्षेत्र की माताओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे विद्यालय परिसर मातृत्व के गौरव और वात्सल्य के रंगों से सराबोर नजर आया। समारोह की शुरुआत उपस्थित माताओं द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुसार विद्यालय परिवार द्वारा सभी माताओं का भव्य स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं
स्कूल के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने कविताओं, गीतों और भावपूर्ण नृत्य के माध्यम से माँ के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। इसके साथ ही माताओं के लिए विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विजेताओं को स्कूल स्टाफ द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल और प्रभावी संयुक्त मंच संचालन प्रीति, निकिता राजवी, दीक्षा स्वामी एवं ग्रुप द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ स्टाफ मनोज कुमार, मनोज कुमार नाई, रामनिवास, विजयलक्ष्मी स्वामी, मुन्नी, चेतन कुमार, संजू प्रजापत, संतोष शर्मा, रेखा प्रजापत, सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्राचार्य कोमल शेखावत ने सभी आगंतुक माताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एक बच्चे के जीवन में माँ की भूमिका सर्वोपरि है और समाज के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समस्त स्टाफ और अभिभावकों को बधाई दी।

You might also like