खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे के आलसर रोड स्थित एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से बालक के शव को डिग्गी से बाहर निकलवाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एएसआई ईसरराम ने बताया कि बुधवार शाम पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि एक बालक खेत की डिग्गी में डूब गया है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तथा काश्तकारों की मदद से शव को बाहर निकालकर राजकीय चिकित्सालय राजलदेसर की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान वार्ड संख्या 8 निवासी 10 वर्षीय कानाराम पुत्र मनोज कुमार प्रजापत के रूप में हुई। मृतक के पिता मनोज कुमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि कानाराम अक्सर खेत पर आता-जाता रहता था। प्रारंभिक आशंका है कि पैर फिसलने से वह अचानक डिग्गी में गिर गया, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है ।