परशुराम ज्ञानपीठ में 20 मई से शुरू होगा एसएससी कोचिंग बैच
जय जांगिड़
झुंझुनूं (नवयत्न)। विप्र फाउंडेशन द्वारा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जयपुर मानसरोवर, शिप्रा पथ स्थित श्री परशुराम ज्ञानपीठ में 20 मई से पहला एसएससी कोचिंग बैच प्रारंभ किया जाएगा। फाउंडेशन की इस पहल से प्रदेश सहित झुंझुनूं जिले के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
ज्ञानपीठ संचालन समिति के सचिव सतीश शर्मा ने बताया कि 8 से 10 माह अवधि के इस कोर्स की कोचिंग अत्यंत सामान्य शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी इसका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। कोचिंग के दौरान प्रत्येक माह टेस्ट आयोजित किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास हो सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में श्री परशुराम ज्ञानपीठ में आरएएस एवं आईएएस कोचिंग, आधुनिक लाइब्रेरी, छात्रावास तथा अतिथि कक्ष जैसी सुविधाएं संचालित हैं। समाज के अनुभवी, रिटायर्ड आईएस आईपीएस द्वारा गत वर्ष 2024 के बैच में मॉक इंटरव्यू की विशेष तैयारी करवाई गई थी, जिसमें 54 अभ्यर्थियों का आरएएस में चयन हुआ।
जिला संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया ने बताया कि एसएससी कोचिंग प्रारंभ होने से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर दिशा और अनुभवी मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसके लिए जिला अध्यक्ष कमलकांत शर्मा एवं जिला संयोजक उमाशंकर महमिया से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर अपनी सीट आरक्षित कर सकते हैं ।