मोदी सरकार ने महंगाई को काफी हद तक कंट्रोल किया — कैलाश चौधरी
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न) । पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी और महंगाई को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। झुंझुनूं दौरे पर पहुंचे चौधरी ने कहा कि तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय होती हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित किया हुआ है। ताकि देश की जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़े। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर लगातार नजर बनाए हुए है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रहित में ईंधन की बचत करने का आह्वान किया। भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में हिस्सा लेने झुंझुनूं पहुंचे कैलाश चौधरी का हवाई पट्टी के पास युवा सामाजिक कार्यकर्ता भूपेश सोनी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और कैलाश चौधरी के समर्थक मौजूद रहे। चौधरी के स्वागत में फूलों की बारिश की गई और जमकर नारेबाजी हुई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें हल भेंट कर सम्मानित भी किया। इस मौके पर चौधरी ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद वे पूरे राजस्थान का दौरा कर रहे हैं और हर जिले में जाकर किसानों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों को उन्नत और विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों की छोटी से छोटी समस्या का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से सरकार योजनाओं को जमीन तक पहुंचा रही है। कार्यक्रम में राज्य ओबीसी आयोग के सदस्य पवन मावंडिया, भाजपा नेता विनोद पूनियां, प्रसिद्ध ज्वैलरी व्यवसायी विजय सोनी चिड़ावा, विकास भालोठिया, विकास पायल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।