नकाबपोश बदमाशों ने टी-पॉइंट पर की तोड़फोड़, दुकान मालिक से मारपीट

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । प्रताप नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक टी-पॉइंट पर नकाबपोश बदमाशों द्वारा तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे बदमाशों ने दुकान में जमकर उत्पात मचाया और दुकान मालिक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार प्रताप नगर स्थित भैरो सर्किल पर ‘यादवंशी टी पॉइंट’ नाम से वासुदेव की दुकान है। मंगलवार सुबह करीब 4:45 बजे वासुदेव दुकान पर मौजूद ग्राहकों के लिए चाय बना रहा था। इसी दौरान 5-6 नकाबपोश बदमाश लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे। बदमाशों को देखकर दुकान पर मौजूद ग्राहक डरकर मौके से भाग गए।
इसके बाद आरोपियों ने दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से जमकर तोड़फोड़ की। साथ ही दुकान मालिक वासुदेव के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वासुदेव को आरयूएचएस अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार करवाया। पुलिस ने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें हमलावरों की पूरी करतूत कैद मिली है।
पीड़ित वासुदेव ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले उसकी अनुपम चौधरी नामक युवक से कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते हमले की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

You might also like