सीएसटी ने जयपुर से पकड़ा मध्यप्रदेश का हिस्ट्रीशीटर

निसं
जयपुर (नवयत्न)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम सीएसटी ने वांछित एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के हिस्ट्रीशीटर अल्ताफ खान हुसैन 50 को गिरफ्तार किया है। आरोपी हत्या के एक मामले में सजा होने के बाद पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। वह जयपुर में अपनी पहचान छिपाकर करीब एक साल से रह रहा था। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल एवं स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के संबंध में ओमप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अल्ताफ खान हुसैन मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के श्यामगढ़ स्थित सिनेमा रोड, कसी मोहल्ले का निवासी है। वर्तमान में वह जयपुर के नाई की थड़ी, जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में रह रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से श्यामगढ़ का रहने वाला है और मंदसौर में अलमारी बनाने का काम करता था। उसके विरुद्ध श्यामगढ़ थाने में लड़ाई-झगड़े सहित करीब 8 से 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में धर्मेंद्र नामक युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार होने और बाद में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की जानकारी दी। इस मामले में न्यायालय से उसे सजा हुई थी। जेल ले जाते समय रास्ते में भोजन करने के दौरान वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इसके बाद वह जयपुर आ गया और नाई की थड़ी क्षेत्र में पहचान छिपाकर रहने लगा। स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि सीएसटी की टीम पिछले करीब तीन माह से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी रखकर गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसे दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के मध्यप्रदेश में दर्ज आपराधिक मामलों और पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के घटनाक्रम के संबंध में संबंधित पुलिस इकाइयों से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में सीएसटी पुलिस निरीक्षक सुनील की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम के विजयपाल, वेदवीर, राजेंद्र और प्रदीप सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भी आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी में योगदान दिया।

You might also like