शॉर्ट सर्किट से विला में लगी आग : दंपती और दो बेटियों के चेहरे झुलसे
निसं
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी के नारायण विहार थाना क्षेत्र के मांग्यावास स्थित कीर्ति नगर में गुरूवार तड़के एक विला में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे के समय ऊपरी मंजिल पर सो रहे परिवार के कमरे में अचानक लपटें फैल गईं। आग बुझाने और बच्चों को बाहर निकालने के प्रयास में दंपती और उनकी दो बेटियों के चेहरे झुलस गए। वहीं, नीचे की मंजिल पर सो रहे बुजुर्ग दादा ने तत्परता दिखाते हुए छह साल के पोते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आसपास के लोगों की मदद से पूरे परिवार को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार अजमेर रोड स्थित डीसीएम में ऑटोमोबाइल व्यवसाय करने वाले नीरज (43) मंगलवार रात पत्नी गौरी (40), 10 और 12 साल की दो बेटियों तथा छह वर्षीय बेटे के साथ विला की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। गुरूवार सुबह करीब 5 बजे कमरे में बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने कपड़ों और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। सर्दी के कारण शुरुआत में परिवार को आग लगने का पता नहीं चला। कुछ देर बाद आग बिस्तरों तक पहुंची और कमरे में धुआं भर गया। दम घुटने से परिवार की नींद खुली तो कमरा लपटों से घिरा हुआ था।