अणुविभा के विविध प्रकल्पों पर किया विचार मंथन

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में अणुव्रत समिति द्वारा स्थानीय जीनियस बाल भारती शिक्षण संस्थान में आज बुधवार को आयोजित बैठक में अणुविभा के विविध प्रकल्पों पर विचार मंथन करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया । समिति के मंत्री नरेंद्र स्वामी ने बताया कि अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के निर्देशानुसार जीवन विज्ञान का संयोजक रामचन्द्र पारीक व ए सी सी का संयोजक नरेन्द्र सांकृत्य को नियुक्त किया गया। अणुव्रत समिति के अध्यक्ष कुलदीप व्यास ने आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर दोपहर 2 से 4 बजे तक ए सी बंद रखकर ऊर्जा संरक्षण का संदेश जन जन तक पहुंचाने पर बल दिया , उन्होंने अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट में अधिकाधिक विद्यालयों के पंजीकरण , ईको फ्रेंडली कैरी बैग्स वितरण और विद्यार्थियों को मोबाइल की लत से मुक्त करवाने के लिए चल रहे डिजिटल डिटॉक्स कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। सह मंत्री नरेन्द्र सांकृत्य ने अणुव्रत क्रिएटिव कॉन्टेस्ट के बारे में बताया कि इसके अंतर्गत
” हमारी ताकत : हमारा परिवार ” विषय पर विद्यार्थियों की एकल गायन , समूह गान , भाषण , निबंध , कविता प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर पर 30 जून तक होगी । विद्यालय स्तर पर प्रथम प्रतियोगी जिला स्तरीय में भाग लेंगे तथा आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता होगी। कक्षा 5 से 8 कनिष्ठ वर्ग और 9 से 12 वरिष्ठ वर्ग होगा , इसके लिए सर्व प्रथम विद्यालयों को पंजीकरण करवाना होगा । इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष अरुण रामगढ़िया , कार्यकारिणी सदस्य दौलत राम दायमा , परमेश्वर लाल गौड़ , वेद प्रकाश चौधरी और प्रभात बील आदि उपस्थित थे।

You might also like