शुभम सोनी ने हासिल की प्रथम श्रेणी में डॉक्टरेट डिग्री
निसं
बुगाला (नवयत्न) । जाखल के होनहार युवा शुभम सोनी ने आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए डॉक्टरेट की डिग्री प्राप्त कर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है। शुभम सोनी को हाल ही में राजस्थान बोर्ड ऑफ इंडियन मेडिसिन, जयपुर तथा डॉ. एसआर राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर से बीएनवाईएस पाठ्यक्रम में प्रथम (अ) श्रेणी के साथ डॉक्टरेट डिग्री प्रदान की गई। यह उपलब्धि उन्हें विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. सीताराम शर्मा के सानिध्य में प्राप्त हुई। शुभम स्वर्गीय किशनलाल सोनी के पुत्र हैं और शुरू से ही शिक्षा व चिकित्सा क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उनकी इस सफलता से पूरे स्वर्णकार समाज व कस्बे में खुशी का माहौल है। डॉ. शुभम सोनी की इस उपलब्धि पर समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य लोगों ने उनका सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ओमप्रकाश सोनी, गोविन्द सोनी, सुभाष चन्द्र जांगिड़, शैलेन्द्र सिंह शेखावत, अजय शेखावत, प्रमोद सोनी सहित अनेक लोगों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। समाज के लोगों ने कहा कि शुभम सोनी ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से यह मुकाम हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है। उनकी सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। परिवारजनों, रिश्तेदारों एवं कस्बे के प्रबुद्ध नागरिकों ने भी डॉ. शुभम सोनी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि वे चिकित्सा सेवा के माध्यम से समाज की सेवा करते हुए क्षेत्र का नाम और अधिक रोशन करेंगे।