करोड़ों के मादक पदार्थों के साथ विदेशी महिला गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। जयपुर में राजस्व आसूचना निदेशालय ने नार्कोटिक्स तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अफ्रीकी मूल की एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला भारी मात्रा में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ लेकर बस से मुंबई जा रही थी। केंद्रीय जांच एजेंसियां अब इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य कनेक्शनों और स्थानीय मददगारों की सरगर्मी से पड़ताल कर रही हैं।
डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक विदेशी महिला भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की खेप लेकर बस के जरिए सफर कर रही है। इस सटीक सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने 19 मई को जयपुर में नाकाबंदी की और मुंबई जा रही एक ट्रैवल बस को रुकवाया। बस में सवार संदिग्ध विदेशी महिला के सामान की सघन तलाशी लेने पर अधिकारी भी हैरान रह गए।
विदेशी महिला ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। उसने नशे की इस भारी खेप को अपने ट्रॉली बैग के अंदर कपड़ों और तकिये के कवर में छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन डीआरआई की पैनी नजरों से वह बच नहीं सकी। टीम ने महिला के बैग से मेथामफेटामाइन 2256 ग्राम, कोकीन/मेथाक्वालोन 142 ग्राम, एमडीएमए 46 ग्राम बरामद कर ली।