गर्मी में सुलगने लगा अंचल, लड्डू गोपाल के लिए लगाए कूलर-पंखे
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । थार का द्वार कहे जाने वाला चूरू जिला इन दिनों मानो आग का गोला बना हुआ है। पिछले कई दिनों से जिले में भीषण गर्मी और तेज गर्म हवाओं का दौर लगातार जारी है। बढ़ते तापमान के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है तथा लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
भीषण गर्मी का असर अब केवल आमजन तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि लोग अपने आराध्य देव लड्डू गोपाल का भी विशेष ख्याल रख रहे हैं। घरों के मंदिरों में विराजमान लड्डू गोपाल को गर्मी से राहत देने के लिए भक्तों द्वारा मिनी कूलर और छोटे पंखों की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही उन्हें ठंडे पेय पदार्थ और बार-बार पानी भी पिलाया जा रहा है।
लड्डू गोपाल की सेवा करने वाली आरती जोशी ने बताया कि जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और आमजन गर्मी से परेशान हैं। ऐसे में जिन लड्डू गोपाल को हम परिवार के सदस्य और जीवंत स्वरूप मानते हैं, उनकी सुविधा का ध्यान रखना भी हमारा कर्तव्य है। इसी भावना के साथ मंदिर में कूलर लगाया गया है ताकि उन्हें गर्मी का अहसास न हो। वहीं तमन्ना जोशी ओर तानिया जोशी ने बताया कि लड्डू गोपाल को समय-समय पर छाछ, राबड़ी, नींबू पानी जैसे ठंडे पेय पदार्थ अर्पित किए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें बार-बार पानी भी पिलाया जा रहा है। तमन्ना ने कहा कि जिस प्रकार सर्दियों में उन्हें गर्म कपड़े पहनाए जाते हैं, उसी प्रकार गर्मियों में भी विशेष सावधानी बरती जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले बाहर जाते समय वे लड्डू गोपाल को अपने साथ लेकर जाती थीं, लेकिन अब भीषण गर्मी को देखते हुए बाहर निकलना कम कर दिया गया है ताकि उन्हें तेज गर्मी और लू से बचाया जा सके।