पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में कोताही न हो – पुजारी
रतनगढ़,(नवरतन वर्मा)12 मई। कोरोना संक्रमण के मध्य चल रहे लोकडाउन व साथ ही बढ़ते तापमान के मध्य उपखंड के किसी भी ग्राम व नगरपालिका क्षेत्र के वार्डो में आमजन को पेयजल की समस्या से परेशानी न हो इसके मध्य नजर चूरू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भंवरलाल पुजारी ने जलदाय विभाग व आपणी योजना के अधिकारियों की बैठक में विचार विमर्श करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि रतनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी पेयजल समस्या न हो अगर कोई ट्यूबवैल, कुऐं व जल सप्लाई संसाधन में तकनीकि खराबी हो तो उन्हें तत्काल रूप से दुरूस्त करवाकर पेयजल आपूर्ति अविलम्ब सही करें। वहीं अगर टैंकरों से जल आपूर्ति करना आवश्यक है तो उक्त व्यवस्था तुरंत प्रभाव से शुरू करें। पुजारी ने कहा कि अगर संसाधन की कमी है तो बतायें उन्हें प्राथमिकता से उपलब्ध करवाने हेतु सरकार से हर संभव सहयोग मिलेगा। बैठक में अधिशासी अभियंता रवि गर्ग, सहायक अभियंता रामदेव पारीक, आपणी योजना के अमरसिंह मीणा, कनिष्ठ अभियंता अशोक यादव सहित शहर ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द चाकलान, राजेन्द्र बबेरवाल, रामनारायण व्यास, पूर्व पार्षद पवन गुर्जर आदि उपस्थित थे।