ई-रिक्शा बैटरी चोर गिरोह के दो शातिर बदमाश सहित कबाडी गिरफ्तार

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। विधायकपुरी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा की स्मार्ट बैटरियां चोरी करने वाले अंतर जिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 6 स्मार्ट बैटरियां बरामद की हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि विधायकपुरी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा की स्मार्ट बैटरियां चोरी करने वाले अंतर जिला गिरोह के शातिर बदमाश मोहसिन खान उर्फ अरबाज उर्फ तिरंगा (25) निवासी आमागढ़ शक्ति कॉलोनी ट्रांसपोर्ट नगर तथा शनवाज उर्फ शाहरूख (25) निवासी चार दरवाजा बाहर ब्रह्मपुरी को गिरफ्तार किया है।  दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और स्मैक समेत अन्य नशों की लत पूरी करने के लिए ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी करते थे। दिन में सुनसान स्थानों पर खड़े ई-रिक्शों की रैकी कर रात में औजारों से लॉक तोड़कर बैटरियां निकाल लेते थे और कबाड़ी को बेच देते थे। उनकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया।


पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मोहसिन उर्फ तिरंगा आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल जा चुका है।  पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में शहर में हुई अन्य बैटरी चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

You might also like