प्रशासन द्वारा अवैध रूप से बनाई दिवार तोड़ने में ग्रामीणों में खुशी का माहौल
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी में प्रशासन द्वारा ट्रस्ट की ओर से अवैध रूप से बनाई गई दीवार को हटाने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। देर शाम को उपखंड कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्रित होकर पिछले 70 दिनों से धरना दे रहे आंदोलनकारियों का सम्मान किया और उनके संघर्ष की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से आमजन के हितों को लेकर आंदोलन किया जा रहा था, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रस्ट की नीतियों के विरोध में एसडीएम कार्यालय के सामने लगातार धरना जारी है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक आमजन के हित में उचित निर्णय नहीं लिया जाता और उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा। जनसेवा समिति अध्यक्ष गोकुलचंद सैनी ने बताया कि भोपालगढ़ किले के मुख्य द्वार पर गेट लगाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया जा रहा है। प्रशासन ने अवैध रूप से बनाई दिवार तोड़कर बेहतर कदम उठाया है, जो उनके संघर्ष को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि भोपालगढ़ किले के मुख्य द्वार पर गेट लगाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर प्रशासन को इसमें कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे आमजन को राहत मिल सके। धरना स्थल पर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करने और क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा करने की मांग की। इस दौरान आंदोलन को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर गोकुलचंद सैनी, राजेश सांखला, श्याम सिंह, निकेश पारीक, भूपेंद्र सोढ़ा, सुधीर गुप्ता, नवल किशोर, गजेन्द्र पारीक, विनोद सोनी, चंदगीराम सैनी, इंद्राज सैनी सहित अनेक लोग मौजूद थे।