कोरोना का कहर: चूरू में एक व रतननगर के दो सहित तीन कोरोना संक्रमित, अब तक 27 जने गिरफ्त में
सूरत से आए थे तीनों
चूरू,(पीयूष शर्मा)13 मई। कोरोना हॉटस्पॉट बन चुके देश के महाराष्ट्र, गुजरात व कोलकाता क्षेत्र से आ रहे प्रवासीजनों के साथ ही चूरू में भी कोरोना अब अपने पांव पसार कहर बरपाने लगा है।
गौरतलब है कि चूरू जिले में अब तक 27 जने कोरोना की गिरफ्त में आ चुके हैं। पीडीयू मेडिकल कॉलेज चूरू के प्रो. डा. एफएच गौरी के मुताबिक 13 मई को दोपहर 12 बजे तक रिपोर्ट के मुताबिक सूरत से आए तीन जने जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें एक रोगी चूरू में वार्ड सात निवासी व दो रतननगर के वार्ड नंबर दो से हैं। राहत की बात ये है कि गत दिनों सूरत से आए ये तीनों संक्रमित पहले से क्वारेंटाइन किए जा चुके हैं। वहां इनका उपचार चल रहा है। ऐसे में इनसे अन्य जनों के संक्रमित होने का खतरा लगभग नहीं है।
यूं बढ़ा चूरू जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा
गत 27 मार्च की रात को गांव भांगीवाद की महिला संक्रमित मिली थी। जो उपचार के बाद स्वस्थ हो चुकी है। बाद में 30 मार्च की रात चूरू व सरदारशहर के धार्मिक स्थलों से मिले तब्लीगी जमात से जुड़े 17 लोगों में से दो चरणों में 10 जने संक्रमित पाए गए। जिनमें से सात सरदारशहर व तीन चूरू के थे। बाद में 10 व 11 अप्रेल को चूरू में वार्ड 41 निवासी एक ही परिवार का दिव्यांग युवक व उसके माता-पिता सहित तीन जने कोरोना संक्रमित पाए गए। बाद में आठ मई को वार्ड नौ व 19 के दो जने तथा 11 मई को वार्ड नौ में ही एक और युवक पॉजिटिव पाया गया। 12 मई को सरदारशहर में तीन, छापर में दो व रतनगढ़ में एक कोरोना संक्रमित पाया गया। बाद में 13 मई को दोपहर 12 बजे तक की जांच रिपोर्ट में चूरू में एक तथा रतननगर में दो कोरोना संक्रमित मिलने के साथ ही कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 27 पर पहुंच गया।
युवा भी आ रहे कोरोना की चपेट में
चूरू जिले में पाए गए कोरोना संक्रमितों की जांच रिपोर्ट के मुताबिक वृद्धों के अलावा युवा भी आसानी से इस रोग की चपेट में आ रहे हैं। अब तक 16 से 40 वर्ष तक के अनेक व्यक्ति इस रोग की चपेट में आ चुके हैं। अब आ रहे सभी मरीज महाराष्ट्र, गुजरात के सूरत व कोलकाता सहित अन्य क्षेत्रों से आए हैं।