ट्रायल सफल, कल झुंझुनूं स्टेशन पर दौड़ेगी वंदे भारत
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के बैनर तले 3 जून को अपरान्ह साढ़े 3 बजे झुंझुनू रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस की तर्ज पर टॉय ट्रेन चलाई जाएगी। इसके साथ ही नई रेल सेवाएं शुरू करने एवं यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग को लेकर स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से रेलमंत्री के नाम 12 सूत्री ज्ञापन सौंपा जाएगा।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम के लिए एक टॉय निर्माता कंपनी से वंदे भारत एक्सप्रेस की प्रतिकृति मंगवाई गई है। मंगलवार को इसका सफल ट्रायल किया गया, जिसके बाद अब 3 जून को इसे सार्वजनिक रूप से चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रतीकात्मक पहल के जरिए शेखावाटी अंचल में रेल सुविधाओं की कमी की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। देशभर में वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार हो रहा है, लेकिन वीरों और भामाशाहों की धरती शेखावाटी क्षेत्र अब भी इस सुविधा से वंचित है।
अग्रवाल ने बताया कि ज्ञापन में जयपुर-हरिद्वार-जयपुर वाया रींगस, सीकर, झुंझुनूं, लोहारू, दिल्ली मार्ग पर प्रतिदिन वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने सहित कुल 12 मांगें शामिल की गई हैं।