नेशनल रोल बॉल लीग में स्वर्णिम जीत

श्रवण सारस्वत 

रींगस (नवयत्न)। मध्यप्रदेश के इंदौर में भारतीय रोल बॉल संघ के तत्वावधान में मध्यप्रदेश रोल बॉल एसोसिएशन द्वारा 21 से 25 मई तक आयोजित नेशनल रोल बॉल लीग में महला रोल बॉल एकेडमी की प्रतिभावान खिलाड़ी पूजा महला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

 

महला रोल बॉल एकेडमी के प्रशिक्षक पिंटू दयाल शर्मा ने बताया कि लीग के लिए हुए ऑक्शन में पूजा महला का चयन राजवंश रॉयल्स टीम में हुआ था। प्रतियोगिता के दौरान राजवंश रॉयल्स ने अपने सभी लीग मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए व्योम फ्लायर्स, डीसी टाइटंस, एसआरवी इलाइट, आर्क ब्लेजर्स एवं ओंकार स्ट्राइकर्स जैसी मजबूत टीमों को पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान बनाया।

 

सेमीफाइनल मुकाबले में राजवंश रॉयल्स ने व्योम फ्लायर्स को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद खेले गए रोमांचक एवं निर्णायक फाइनल मुकाबले में राजवंश रॉयल्स ने डीसी टाइटंस को 5-4 के करीबी अंतर से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

 

पूजा महला ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उल्लेखनीय है कि पूजा महला इससे पूर्व भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक जीतकर अपने क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर चुकी हैं। वर्तमान में वे अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के रींगस स्थित एईएन कार्यालय में कार्यरत हैं।

 

इस उपलब्धि पर महला रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल के सचिव विशाल महला, विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों ने पूजा महला को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विशाल महला ने माल्यार्पण कर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया।

You might also like