चाय की एक प्याली और करोड़ों के भरोसे पर वार! बेहोश होते ही बदल दिया सोने का कड़ा
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। मानसरोवर थाना क्षेत्र में विश्वास को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां घरेलू कामकाज के लिए रखी गई नौकरानी पर 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चाय में बेहोशी की दवा मिलाकर पिलाने और उसके हाथ से असली सोने का कड़ा निकालकर उसकी जगह नकली कड़ा रखने का आरोप लगा है। पीड़िता के पति की शिकायत पर मानसरोवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई मुकेश कुमार ने बताया कि वरुण पथ, मानसरोवर निवासी बुजुर्ग दंपती ने घरेलू कार्यों के लिए एक नौकरानी रखी हुई थी। सोमवार दोपहर बुजुर्ग महिला घर पर अकेली थीं। आरोप है कि इसी दौरान नौकरानी ने योजना के तहत महिला को चाय बनाकर दी, जिसमें बेहोशी की दवा मिलाई गई थी।
चाय पीने के कुछ देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें बेहोशी आने लगी। इसके बाद नौकरानी ने स्वयं परिजनों को फोन कर बुलाया और महिला को अस्पताल में भर्ती करवाने में भी सहयोग किया, जिससे किसी को उस पर शक न हो।
पुलिस के अनुसार अस्पताल में उपचार के दौरान महिला के गहने उतारे गए। इसी दौरान नौकरानी ने गहने बुजुर्ग महिला के पति को सौंप दिए, लेकिन आरोप है कि उसने पहले ही असली सोने का कड़ा निकालकर उसकी जगह नकली कड़ा रख दिया था।
अगले दिन अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब बुजुर्ग महिला ने अपने गहने दोबारा पहनने चाहे, तब कड़ा हाथ में लेते ही उन्हें उसके नकली होने का संदेह हुआ। जांच करने पर कड़ा नकली निकला। इसके बाद दंपती ने पूरे घटनाक्रम को जोड़कर देखा तो उन्हें नौकरानी पर शक हुआ।
पीड़िता के पति ने मानसरोवर थाने में आरोपी नौकरानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने का प्रतीत होता है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है तथा आरोपी नौकरानी से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।