विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण
बृजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । विश्व पर्यावरण दिवस पर राजस्थान शिक्षण संस्थान परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग चिड़ावा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह कार्यक्रम राजस्थान शिक्षण संस्थान की चेयरपर्सन एवं युवा जनशक्ति फाउंडेशन की अध्यक्षा नीतिका थालौर के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता एक्यूआई, प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग एवं जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा। नीतिका थालौर ने कहा कि आज बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे नगरों में भी वायु गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है। बढ़ता तापमान, अनियमित वर्षा, जल संकट एवं प्रदूषण मानव जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। इन चुनौतियों का सबसे सरल और प्रभावी समाधान अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को केवल एक दिन वृक्षारोपण करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण एक सामाजिक दायित्व है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान परिसर में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। विद्यार्थियों ने हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के डायरेक्टर श्रीराम थालौर, संस्थान के सचिव संजय थालौर, एमडी गोपीचंद जांगिड़, डॉ. सुभाष बोला (प्राचार्य, राजस्थान पीजी कॉलेज), डॉ. दिनेश गौतम (प्राचार्य, राजस्थान लॉ कॉलेज), अंजना सोमरा (प्राचार्य, आरपीएस चिड़ावा), राजस्थान नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या संगीता शर्मा, नर्सिंग स्टाफ अमित शर्मा, पूनम सैनी उज्जवल शर्मा भी उपस्थित रहे।