उपखण्ड अधिकारी मिथिलेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर वैन को किया रवाना
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। रतनगढ़ में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सास टेक ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग सॉल्यूशन्स द्वारा ई-वेस्ट कलेक्शन ड्राइव का शुभारम्भ उपखण्ड अधिकारी मिथिलेश कुमार ने ई-वेस्ट कलेक्शन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी मिथिलेश कुमार ने कहा कि बढ़ते ई-वेस्ट को सही तरीके से निस्तारित करना आज की आवश्यकता है। इलेक्ट्रॉनिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आमजन को ई-वेस्ट को इधर-उधर फेंकने के बजाय अधिकृत रिसाइकलर तक पहुंचाना चाहिए। सास टेक ई वेस्ट रिसाइक्लिंग सॉल्यूशन्स के महेश सैनी ने बताया कि इस अभियान के तहत ई-वेस्ट कलेक्शन वैन शहर में घर-घर जाकर लोगों को ई-वेस्ट के सही निस्तारण के प्रति जागरूक करेगी तथा पुराने मोबाइल, कंप्यूटर, टीवी, प्रिंटर, बैटरी, केबल सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक कचरे का संग्रहण करेगी। नागरिकों को उनके ई.वेस्ट के बदले उचित मूल्य भी दिया जाएगा। गोविंद बारहट ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। ई-वेस्ट को सही जगह पहुंचाकर हम आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण बना सकते हैं। इस अवसर पर प्रशांत तंवर, मुकेश सिंह, गोपीराम सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।