स्पा सेंटरों की आड़ में गड़बड़ी पर पुलिस का डंडा : पुलिस ने आठ लोगों को पकड़ा

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और पुलिस कमिश्ररेट की गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित कराने के लिए बजाज नगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में संचालित चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आठ पुरुषों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जहां महिला पुलिसकर्मियों के साथ गठित टीम ने बजाज नगर क्षेत्र स्थित बीलीफ थाई स्पा, उमंग लक्जरी स्पा, ब्ल्यू स्टार थाई स्पा और स्वागत थाई स्पा पर अचानक दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस कमिश्ररेट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए आठ पुरुषों को गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई से पहले क्षेत्र में संचालित करीब 11 स्पा सेंटरों के संचालकों को गाइडलाइन की जानकारी देकर सख्त चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों की पालना नहीं की जा रही थी।
बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोभाल ने बताया कि स्पा सेंटरों के लिए पुरुष एवं महिला अनुभाग अलग-अलग होना, ग्राहकों का पहचान पत्र एवं विवरण दर्ज करना, स्टाफ का पुलिस सत्यापन कराना, निर्धारित डिस्प्ले बोर्ड लगाना तथा बंद कमरों में मसाज सेवाएं नहीं देना अनिवार्य है। इन नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई गई है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामधन डोभाल, एएसआई बीरबल, हेड कांस्टेबल धर्म सिंह, महिला कांस्टेबल रेखा, चालक जगन सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भूमिका निभाई। वहीं कांस्टेबल रामवतार और कांस्टेबल महेंद्र की विशेष भूमिका सराहनीय रही।

You might also like