चार करोड़ रुपए की मादक पदार्थ सहित दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । जयपुर पुलिस कमिश्नरेट स्पेशल टीम (सीएसटी) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 23 क्विंटल (2300 किलोग्राम) अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। सीएसटी ने बस्सी थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार करोड़ रुपए आंकी गई है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क की निगरानी कर पुख्ता सूचना के आधार पर बस्सी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की है।
पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक में प्लास्टिक के 91 कट्टों में भरा करीब 23 क्विंटल डोडा चूरा मिला। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मौके से तस्कर शाहिद खान निवासी मोडर रांची (झारखंड) तथा सायर राम जाट निवासी बिलाड़ा जिला जोधपुर को को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि तस्कर खेप को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए ट्रक के आगे एक इनोवा क्रिस्टा चला रहे थे। यह वाहन रास्ते की रेकी करने और पुलिस गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर रहा था। पुलिस ने इनोवा को भी जब्त कर वाहन पर लगे नंबरों की भी जांच की जा रही है।
वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा चूरा की यह खेप कहां भेजी जानी थी तथा इसके पीछे सक्रिय मुख्य सरगना कौन है।

You might also like