अवैध निर्माणों पर पालिका मेहरबान

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर में अवैध निर्माणों का खेल अब किसी से छिपा नहीं है। नगर पालिका कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते अवैध व्यवसायिक निर्माण धड़ल्ले से फल-फूल रहे हैं। हालात यह हैं कि नियम-कायदों को ताक पर रखकर शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख मार्ग गौरव पथ पर बहुमंजिला व्यवसायिक भवन खड़े किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से कार्रवाई के नाम पर केवल खामोशी दिखाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार गौरव पथ पर पांच स्थानों पर बिना विधिवत स्वीकृति के व्यवसायिक निर्माण कार्य जारी हैं। आरोप है कि नगर पालिका में केवल फाइलें लगाकर औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। जबकि मौके पर निर्माण कार्य बेरोकटोक चल रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि ऐसे निर्माण न केवल शहरी नियोजन को प्रभावित करते हैं बल्कि नगर पालिका के राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। नियमों की अनदेखी कर बनाए जा रहे व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से विकास शुल्क और अन्य देय राशि की वसूली प्रभावित होने की आशंका बनी है।
नोटिस के बावजूद धड़ल्ले से जारी निर्माण

शहर में बन रही अवैध ऊंची इमारतों के साथ पालिका कर्मचारियों की मिलीभगत और शह की कहानी भी ऊंची नजर आ रही हैं। यहां अवैध निर्माण की शिकायत के बाद अधिशासी अधिकारी हरेंद्र चौधरी ने मौका जांच कर त्वरित जांच और कार्रवाई के आदेश जारी किए  मगर यहां कर्मचारियों द्वारा केवल खानापूर्ति होती नजर आई। इस मामले में शुक्रवार को अवैध निर्माण कर्ताओं को कारण बताओ नोटिस थमाया गया लेकिन तीन दिन बाद भी उनका कोई असर नजर नहीं आया। नोटिस देने के बाद यहां नियमित मॉनिटरिंग का अभाव होने से सोमवार को बेरोकटोक सभी निर्माण कार्य चालू नजर आए।

You might also like